कंगना रनोट के 2014 में देश को आजादी मिलने के बयान पर अब लालू यादव की बेटी डॉ. रोहिणी आचार्य ने तीखा हमला किया है। रोहिणी ने बिना कंगना का नाम लिए दनादन कई ट्वीट किए। उन्होंने लिखा, ‘शहीदों की जान जिसे भीख लगती है, फर्जी झांसी की रानी तू देशद्रोही लगती है।’
कंगना ने पद्मश्री मिलने के 2 दिन बाद एक टीवी चैनल पर देश को 1947 में मिली आजादी को भीख बताया था। उन्होंने कहा था कि देश को आजादी 2014 में मिली है। कंगना के इस बयान पर भाजपा सांसद वरुण गांधी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भी निशाना साधा था। वरुण ने कहा था कि इस सोच को मैं पागलपन कहूं या फिर देशद्रोह?’ वहीं, मांझी ने कंगना से पद्मश्री वापस लिए जाने की मांग की थी।
राजद ने भी कंगना के बयान पर नाराजगी जताई है। राजद ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि- 2014 में कथित आजादी दिलाने वाले से, उसी आजादी की बदौलत बर्टर सिस्टम (Barter System) योजना अंतर्गत पद्मश्री प्राप्त करने वाली थेलनी की शादी करा देनी चाहिए ताकि उसे 1947 में हमारे क्रांतिकारियों व महापुरुषों के सदियों लंबे संघर्ष, त्यागों, बलिदानों और वीरता से प्राप्त स्वतंत्रता भीख न लगे।