अंतर्राष्टीय महिला दिवस के अवसर पर, श्रम संसाधन विभाग, बिहार, द्वारा “महिला सम्मान समारोह” एवं श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारियों के प्रशिक्षण का समापन समारोह का आयोजन स्थानीय दशरथ मांझी, सामाजिक श्रम एवं नियोजन अधययन संस्थान, पटना में किया गया| कार्यक्रम का शुभारम्भ विभाग दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया, उक्त अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, श्रम संसाधन विभाग के माननीय मंत्री, श्री जिवेश कुमार ने विभाग में प्रशिक्षणोंपरांत 19 नवनियुक्त महिला श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारियों को सम्मानित किया| उनके द्वारा, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभाग के पहली महिला अपर मुख्य सचिव, श्रीमति वन्दना किनी को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया| साथ ही विभाग द्वारा श्रमिकों के हितार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत दिए जाने वाले लाभ की अनुदान राशि लाभुकों के बीच वितरित की|
साथ ही कुल 20 महिला लाभार्थियों यथा: श्रीमती रिकम देवी, फुलवारी शरीफ निवासी, सुनीता देवी, पिंकी देवी, रेशमी देवी, आभा देवी मनेर निवासी को मातृत्व लाभ दिया गया| किरण देवी और आरती कुमारी को शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता प्रदान किया गया| राजकली देवी फुलवारी शरीफ निवासी, सविता देवी और रीना देवी, मनेर निवासी के साथ चिंता देवी और लीला देवी, पटना सदर प्रखंड निवासी को विवाह हेतु सहायता राशि प्रदान की गयी| अशोक देवी एवं देवंती देवी, बिहटा निवासी, सविता देवी एवं मंजु देवी मनेर निवासी, राधिका देवी और टुन्नी देवी के साथ ललिता देवी, दानापुर निवासी को मृत्यु अनुदान का लाभ दिया गया| श्री सुनील साव, फुलवारी शरीफ निवासी और श्री वीरेंद्र कुमार, बख्तियारपुर निवासी को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया| बिहार भवन सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में रेखा देवी, प्रमिला देवी, सीमा देवी, हेमा देवी और सरस्वती देवी का निबंधन कर प्रमाण पत्र माननीय मंत्री के कर कमलों द्वारा दिया गया| श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारियों के आवासीय प्रशिक्षण का समापन भी श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारियों को माननीय मंत्री के कर कमलों द्वारा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र देकर किया गया|
माननीय मंत्री ने महिला दिवस के अवसर पर कहा कि सभी क्षेत्रों में देवी का स्वरूप महिलाओं का ही है| शक्ति, धन या विद्या की बात हो सभी क्षेत्रों में देवियों ने अपना अधिपत्य जमाया है, जिससे पुरुष संचालित होते हैं| भगवान शिव ने भी अर्धनारीश्वर के रूप में यह दिखाया की बिना नारी का सब कुछ अधुरा है| आज देश की वित्त मंत्री महिला हैं, जो इस बात का संकेत है कि महिलाओं की स्थिति कितनी सुदृढ़ है| हमारे अपने राज्य में महिला पुलिस बल देश में सबसे ज्यादा है और पंचायती राज्य में 50 प्रतिशत सीटें भी महिलाओं के लिए आरक्षित की गयी हैं| राज्य की 27 महिला अभी विधान सभा की सदस्य हैं| जो इस बात का परिचायक है कि, महिलाओं ने अपने को कितना आगे बढाया है| हमें इनकी स्थिति को समाज में बेहतर बनाये रखना होगा|
श्री जिवेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार राज्य में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत निर्माण श्रमिकों के कल्याणार्थ बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अन्तर्गत ‘भवन मरम्मति अनुदान योजना’, ‘औजार क्रय अनुदान योजना’, ‘साईकिल क्रय अनुदान’, ‘मृत्यु लाभ’, ‘दाह संस्कार’, ‘चिकित्सा’, ‘मातृत्व लाभ’, ‘निर्माण श्रमिकों के बच्चों के शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता’, ‘विवाह के लिए वित्तीय सहायता’, ‘वार्षिक चिकित्सा सहायता योजना’, ‘दुर्घटना अनुदान’, ‘पारिवारिक पेंशन’, ‘विकलांगता पेंशन’, ‘नकद पुरस्कार’, ‘पितृत्व लाभ’, ‘प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना’ एवं आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ का लाभ प्रावधान के अनुरूप निबंधित श्रमिकों को दिया जा रहा है। साथ ही प्रदेश की सरकार श्रमिकों के हितार्थ निरंतर क्रियाशील है साथ ही राज्य के युवाओं को देश-विदेश में रोजगार दिलाये जाने हेतु कार्यरत है, हमारा संकल्प है सभी को आर्थिक और सामाजिक आजादी के साथ उचित सम्मान देना है| जिसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं|
उक्त अवसर पर विभाग की अपर मुख्य सचिव, डॉ. वन्दना किनी ने कहा यह दिवस प्रतिदिन का है, जिसे हम हर पल हर क्षण सेवा भाव से मानते हैं| आज जीविका समूह बिहार में उदहारणीय है| साथ ही समाज कल्याण विभाग में सेवारत, आँगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं का समर्पण और सेवाभाव सर्वविदित है|आप आशा बहनों को भी इससे जोड़ सकते हैं| हमसब सबल हैं और आगे भी रहेंगे| उक्त अवसर पर सचिव, श्री संदीप आर पूडलकट्टी, विशेष सचिव, श्री आलोक कुमार, निदेशक नियोजन एवं प्रशिक्षण, श्री विजय प्रकाश मीना के साथ विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे|