IIFL वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022 बुधवार को जारी की गई। इस लिस्ट में अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी 10.94 लाख करोड़ की वेल्थ के साथ पहले नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी हैं। उनकी वेल्थ 7.94 लाख करोड़ है।
30 सिंतबर 2021 को जारी की गई पिछली लिस्ट के बाद से अडाणी ने हर दिन 1612 करोड़ की कमाई की। अंबानी की इस दौरान हर दिन की कमाई 210 करोड़ रही। अडाणी की वेल्थ में 116% की बढ़ोतरी हुई है तो वहीं अंबानी की वेल्थ में 11% का इजाफा देखा गया है। पिछली लिस्ट में अंबानी पहले नंबर और अडाणी दूसरे नंबर पर थे।
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर साइरस पूनावाला, चौथे पर शिव नाडार और 5वें नंबर पर राधाकिशन दमानी का नाम है। भारत के सबसे नए एडटेक यूनिकॉर्न फिजिक्स वाला के को-फाउंडर अलख पांडे, प्रतीक माहेश्वरी और क्विक कॉमर्स जेप्टो के को-फाउंडर कैवल्य वोहरा पहली बार हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शामिल हुए हैं।
हुरुन लिस्ट के लॉन्च के बाद पहली बार, लिस्टर्स की कुल वेल्थ बढ़कर 100 लाख करोड़ रुपए हो गई है। ये सिंगापुर, UAE और सऊदी अरब की कंबाइन्ड GDP से ज्यादा है। हुरुन ने IIFL वेल्थ के साथ एसोसिएशन में हुरुन इंडिया रिच लिस्ट का 11वां एनिवर्सरी एडिशन लॉन्च किया है।
रिपोर्ट के अनुसार अलख पांडे और प्रतीक माहेश्वरी दोनों की पर्सनल वेल्थ 4,000 करोड़ रुपए है। 1,103 लोगों की लिस्ट में ये दोनों 399वें स्थान पर हैं। पांडे और माहेश्वरी ने कोरोना महामारी के दौरान एडटेक कंपनी फिजिक्स वाला शुरू की थी। जून में उन्होंने 100 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई जिससे कंपनी की वैल्यूएशन 1.1 बिलियन डॉलर हो गई। लिस्ट में सबसे कम उम्र के कारोबारी 19 साल के कैवल्य वोहरा हैं।
लिस्ट में पहली बार 100 स्टार्टअप फाउंडर को फीचर किया गया है। इनकी कुल वेल्थ 5,06,000 करोड़ रुपए है और औसत आयु 40 साल है। लिस्ट में 1,000 करोड़ रुपए या उससे ज्यादा की वेल्थ वाले लोगों को शामिल किया जाता है। इस बार इस लिस्ट में 1103 लोगों को शामिल किया गया है। पिछले साल की तुलना में ये संख्या 96 ज्यादा है। वहीं पिछले 5 सालों के दौरान, संख्या में 62% की बढ़ोतरी हुई है।
126 एंटरप्रेन्योर के साथ फार्मास्युटिकल सेक्टर का रिच लिस्ट में सबसे ज्यादा योगदान रहा। फार्मा के बाद केमिकल्स एंड पेट्रोकेमिकल्स (102) और सॉफ्टवेयर एंड सर्विसेज (84) शामिल हैं। वहीं ब्यूटी एंड वेलनेस ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म-NYKAA की सक्सेसफुल लिस्टिंग के साथ 59 साल की फाल्गुनी नायर, 68 साल की ‘बायोटेक क्वीन’ किरण मजूमदार-शॉ को पछाड़कर भारत की सबसे अमीर सेल्फ मेड महिला बन गई हैं।