पंचायत चुनाव के अंतिम 11वें चरण में आज 20 जिलों के 38 प्रखंडों में मतगणना जारी है। कुल 17286 पदों के लिए 63718 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज हो जाएगा। मतगणना के परिणाम के बाद किसी तरह का कोई विवाद नहीं हो इसके लिए प्रशासन ने बड़ी तैयारी की है। सुरक्षा को लेकर सभी 38 प्रखंडों में पुलिस बल की विशेष व्यवस्था की गई है।
मतगणना अपडेट्स…
- सहरसा के नवहट्टा प्रखंड की हाटी पंचायत में फुलेश्वर सादा बने मुखिया, निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंदन पासवान को 707 वोट से हराया।
- भोजपुर में 72 वर्षीय जय राम साह बने लालू के डेरा पंचायत से मुखिया। 8वीं पास हैं जय राम साह।
- सीवान के जीरादेई प्रखंड की छोटका मांझा से रामपुकार चौहान, हसुआ पंचायत से चंदन सिंह मुखिया के पद पर विजयी।
जानिए कितनी सीटों पर परिणाम का इंतजार
पंचायत चुनाव के अंतिम 11 वें चरण में कुल 17,286 पदों का परिणाम आना है। इसमें ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 7,649 सीट, ग्राम पंचायत मुखिया पद के लिए 568 सीट, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 772 सीट, जिला परिषद सदस्य पद के लिए 80 सीट, ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 7,649 सीट तथा ग्राम कचहरी सरपंच पद के लिए 568 सीट शामिल है। इसमें चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की कुल संख्या 63,718 है , जिसमें 29,539 पुरुष और 34,179 महिलाएं शामिल हैं।
पुरुषों के साथ महिला प्रत्याशियों को परिणाम का इंतजार
11 वें चरण के मतदान में 29,539 पुरुष प्रत्याशियों में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 16,638 अभ्यर्थी, मुखिया पद के लिए 2,309 , पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 2,715, जिला परिषद् सदस्य पद के लिए 516, ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 5,439 तथा ग्राम कचहरी सरपंच के लिए 1,922 पुरुष चुनाव लड़े हैं। जबकि कुल महिला प्रत्याशी 34,179 में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 18856 , मुखिया पद के लिए 2,405 , पंचायत समिति सदस्य के लिए 2850 , जिला परिषद सदस्य के लिए 487 , ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 7,870 अभ्यर्थी तथा ग्राम कचहरी सरपंच पद के लिए 1,711 महिलाओं को आज परिणाम का इंतजार है।
बिना लड़ाई के मिल गई जीत
11 वें चरण में 2147 प्रत्याशी ऐसे हैं जो बिना लड़ाई के ही जीत गए हैं। यानी र्निविरोध निर्वाचित हुए हैं। 11 वें चरण में कुल 2,147 अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, जिसमें ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 89 , पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 1 तथा ग्राम कचहरी पंच पद के लिए 2,057 प्रत्याशी शामिल हैं। 10 वें चरण में कुल 76 पदों पर किसी भी अभ्यर्थी द्वारा दावेदारी नहीं की गई थी। इस कारण से 76 पद रिक्त रह गए हैं जिसमें 1 पद ग्राम पंचायत सदस्य एवं 75 पद ग्राम कचहरी पंच के पद शामिल हैं।